रटने पर जोर या बदलते दौर की जरूरतों के अनुरूप शिक्षा? विज्ञान, लॉजिकल रीजनिंग, डिजिटल स्किल और AI को पर्याप्त जगह देने की मांग
देहरादून।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) और UKPSC की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच अब एक बड़ा सवाल उठ रहा है—क्या वर्तमान सिलेबस और व्यवस्था से सरकारी नौकरी में आने वाली चुनौतियों से भविष्य सुरक्षित रहेगा?
मुद्दा केवल परीक्षा कठिन या आसान होने का नहीं है। असली सवाल यह है कि जिस युवा का चयन आज UKSSSC के माध्यम से सरकारी विभाग में होगा, क्या उसका ज्ञान और कौशल आने वाले 5–10 वर्षों के सरकारी कार्यालयों की बदलती जरूरतों के अनुरूप होगा?
क्या युवाओं को सिर्फ रटने की तैयारी कराई जा रही है?
प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्य ज्ञान, हिंदी और अन्य विषयों की जानकारी निश्चित रूप से जरूरी है। वर्तमान में उत्तराखंड uksssc में हिंदी (20 अंक), उत्तराखंड (40 अंक) और सामान्य ज्ञान (40 अंक) बड़े स्तर पर पूछा जाता है, लेकिन बदलती तकनीक और प्रशासनिक व्यवस्था के दौर में केवल तथ्यों को याद रखना पर्याप्त नहीं हो सकता।
आज सरकारी कार्यालयों में कर्मचारी को—
- डिजिटल प्लेटफॉर्म और ई-ऑफिस पर काम करना,
- डेटा को समझना और उसका विश्लेषण करना,
- डिजिटल दस्तावेज तैयार करना,
- ऑनलाइन सेवाओं और पोर्टल का इस्तेमाल करना,
- तार्किक तरीके से समस्या का समाधान करना,
- साइबर सुरक्षा की बुनियादी समझ रखना,
- और AI आधारित तकनीकों के साथ काम करना
- सरकारी फंड की जवाबदेही और गुणवत्ता रखना
पड़ सकता है। और AI तकनीक के बढ़ते स्तर से नौकरियों पर खतरा और चुनौती आना स्वाभाविक है क्योंकि कई कार्य AI Models आज बिना शुल्क के बिना गलती के कर रहे हैं तो स्वाभाविक है कि चुनौती मिलेगी ।
ऐसे में सवाल है कि क्या वर्तमान परीक्षा व्यवस्था इन क्षमताओं को पर्याप्त रूप से जांच रही है?
हिंदी, सामान्य ज्ञान जरूरी है, लेकिन विज्ञान और तार्किक क्षमता भी
हिंदी भाषा और सामान्य ज्ञान सरकारी सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण है। लेकिन यदि परीक्षा में भाषा और पारंपरिक तथ्यात्मक ज्ञान का भार अधिक हो और विज्ञान, वैज्ञानिक सोच, Logical Reasoning, Data Interpretation और Problem Solving को अपेक्षाकृत कम महत्व मिले, तो यह भविष्य की प्रशासनिक जरूरतों के लिहाज से पुनर्विचार का विषय बन सकता है क्योंकि सरकारों ने युवाओं को आने वाली भविष्य की चुनौतियों के हिसाब से तैयार करना जरूरी हो जाता है, अन्यथा AI Models का वर्तमान स्वरूप inefficiency से जूझ रहे सरकारी विभागों और भारी वित्तीय संस्थानों संकट में है फसी सरकारों को इसकी मार पड़नी लाजिमी है।
आज जरूरत ऐसे अभ्यर्थी की है जो केवल यह न बताए कि सही उत्तर क्या है, बल्कि यह भी समझ सके कि समस्या क्यों पैदा हुई, आंकड़े क्या बता रहे हैं और उसका समाधान कैसे निकाला जा सकता है।
AI के दौर में सरकारी नौकरी का भविष्य?
सबसे बड़ा सवाल अब Artificial Intelligence यानी AI को लेकर है। एलन मस्क और कई दिग्गज कह चुके हैं कि AI MODELS हर कार्य करने में सक्षम हैं और 2030 तक हर कार्य ऑटोमाइज हो जाएगा, जो बड़े सवाल वर्तमान व्यवस्था के सामने कर देगा और वर्तमान व्यवस्था के भविष्य की ओर सोचना तब जरूरी हो जाता है।
AI आज टाइपिंग और दस्तावेज तैयार करने से लेकर अनुवाद, सूचना खोजने, डेटा व्यवस्थित करने, रिपोर्ट तैयार करने और डेटा विश्लेषण जैसे अनेक कार्यों में सक्षम हो चुका है।
इसलिए सवाल उठता है—
जब काम करने का तरीका बदल रहा है तो सरकारी नौकरियों की तैयारी का तरीका क्यों नहीं बदलना चाहिए?
आज का अभ्यर्थी जिस पद के लिए तैयारी कर रहा है, संभव है कि कुछ वर्षों बाद उसी पद पर उसे ऐसे सिस्टम के साथ काम करना पड़े जहां AI कई नियमित कार्य कर रहा हो।
इस स्थिति में केवल रूटीन काम करने वाला कर्मचारी पर्याप्त नहीं होगा। जरूरत ऐसे कर्मचारी की होगी जो AI को समझ सके, उसका सही इस्तेमाल कर सके और AI द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी की जांच, व्याख्या और जिम्मेदार उपयोग कर सके।
क्या सरकारी विभाग AI युग के लिए तैयार हैं?
यह सवाल केवल UKSSSC, UKPSC से नहीं, बल्कि राज्य सरकार के सभी विभागों से पूछा जाना चाहिए।
क्या सरकार ने यह अध्ययन किया है कि आने वाले वर्षों में कौन-कौन से सरकारी कार्य ऑटोमेशन और AI से प्रभावित होंगे?
क्या भविष्य की सरकारी नौकरियों के लिए नई Skill Requirements तय की जा रही हैं?
क्या वर्तमान कर्मचारियों को AI और नई तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा?
और सबसे महत्वपूर्ण—
क्या आज UKSSSC, UKPSC से चयनित होने वाला युवा और पूर्व से कार्यरत सरकारी विभागों के कार्मिक को उस बदलाव के लिए तैयार किया जा रहा है?
सिलेबस को सरकारी विभागों की वास्तविक जरूरत से जोड़ने की जरूरत
UKSSSC, UKPSC और राज्य सरकार को विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, तकनीकी विशेषज्ञों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम की व्यापक समीक्षा करनी चाहिए।
पाठ्यक्रम में इन क्षेत्रों को मजबूत किया जा सकता है:
🔹 विज्ञान एवं वैज्ञानिक सोच
रटे हुए तथ्यों के बजाय वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित प्रश्न।
🔹 Logical Reasoning & Problem Solving
अभ्यर्थी की सोचने और समाधान निकालने की क्षमता की जांच।
🔹 Data Interpretation
सरकारी आंकड़ों, ग्राफ और रिपोर्ट को समझने की क्षमता।
🔹 Digital Literacy
ई-ऑफिस, डिजिटल रिकॉर्ड और सरकारी ऑनलाइन प्रणालियों की समझ।
🔹 Artificial Intelligence
AI की मूल समझ, सरकारी कार्यों में उपयोग, सीमाएं और नैतिक पहलू।
🔹 Cyber Security
सरकारी एवं नागरिक डेटा की सुरक्षा की बुनियादी जानकारी।
🔹 Uttarakhand-specific practical knowledge
राज्य की वास्तविक सामाजिक, आर्थिक, पर्यावरणीय और प्रशासनिक चुनौतियों पर आधारित प्रश्न, जो युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार रखें।
अब परीक्षा का उद्देश्य भी बदलना होगा
पुराना मॉडल:
याद करो → परीक्षा दो → नौकरी पाओ
भविष्य की जरूरत:
समझो → विश्लेषण करो → तकनीक का इस्तेमाल करो → समस्या का समाधान करो → जिम्मेदारी से निर्णय लो
सरकारी कर्मचारी केवल परीक्षा पास करने वाला अभ्यर्थी नहीं, बल्कि सरकारी व्यवस्था को चलाने वाला मानव संसाधन है। इसलिए भर्ती परीक्षा का पाठ्यक्रम भी उसी दृष्टि से तैयार होना चाहिए।
युवाओं के लिए यह खतरा नहीं, अवसर भी है
AI को केवल नौकरियां खत्म करने वाली तकनीक के रूप में देखने के बजाय इसे नई क्षमता विकसित करने के अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए।
यदि उत्तराखंड के युवा AI, डेटा, डिजिटल प्रशासन, विज्ञान, तार्किक क्षमता और समस्या-समाधान में मजबूत होंगे तो वे भविष्य के सरकारी कार्यालयों में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे।
देवभूमि के लोग न्यूज़ का बड़ा सवाल
क्या हम उत्तराखंड के युवाओं को 2030 के सरकारी कार्यालय के लिए तैयार कर रहे हैं या अभी भी 2010 के कार्यालय की जरूरतों के हिसाब से परीक्षा ले रहे हैं?
क्या वर्तमान UKSSSC , UKPSC सिलेबस से सरकारी नौकरी का भविष्य सुरक्षित रहेगा?
यह सवाल केवल परीक्षा पैटर्न का नहीं है।
यह उत्तराखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और राज्य की आने वाली प्रशासनिक व्यवस्था की क्षमता का सवाल है।
देवभूमि के लोग न्यूज़, | विशेष रिपोर्ट– भानु प्रताप सिंह।