Sun. Jun 7th, 2026

कार में अंगीठी जलाने से टैक्सी चालक की दम घुटने से मौत

नोएडा से पर्यटकों को नैनीताल लाने वाले टैक्सी चालक की वाहन के भीतर कोयले की अंगीठी जलाकर सोने से दम घुटने के कारण मौत हो गई। घटना नैनीताल के सूखाताल पार्किंग क्षेत्र की है। मृतक की पहचान मथुरा (उत्तर प्रदेश) निवासी मनीष गंधार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मनीष गंधार शनिवार को टैक्सी वाहन संख्या यूपी-16 जेटी-8565 से नोएडा से पर्यटकों को लेकर नैनीताल पहुंचा था। रात करीब नौ बजे उसने सूखाताल पार्किंग में वाहन खड़ा किया और ठंड से बचने के लिए कार के भीतर कोयले की अंगीठी जलाकर कंबल ओढ़कर सो गया।

रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तक जब चालक बाहर नहीं निकला तो पार्किंग कर्मियों को संदेह हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल हेम चंद्र पंत ने टीम के साथ वाहन को हिलाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला गया।

बेसुध अवस्था में मिले चालक को तुरंत बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार चालक के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे प्रथम दृष्टया अंगीठी से निकली गैस के कारण दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। उनके पहुंचने के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

By B P Singh

News and public affairs

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *