राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को हल्द्वानी पहुंचीं, जहां राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और वरिष्ठ अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वह राजभवन नैनीताल की 125वीं वर्षगांठ के भव्य समारोह में शामिल होने के लिए नैनीताल रवाना हुईं।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है, साथ ही यातायात मार्गों में आवश्यक बदलाव किए गए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हल्द्वानी पहुंचीं, राजभवन नैनीताल की 125वीं वर्षगांठ समारोह में होंगी शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार शाम 4:10 बजे हल्द्वानी के आर्मी हैलीपैड पर उतरीं। आगमन पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, एडीजी कानून एवं व्यवस्था वी. मुरुगेशन, आईजी कुमाऊं ऋद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., एसएसपी अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके बाद राष्ट्रपति 4:20 बजे अपने काफिले के साथ राजभवन नैनीताल रवाना हुईं, जहां राजभवन की स्थापना के 125 वर्ष पूरे होने पर आयोजित भव्य समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।
दो दिवसीय भ्रमण, सुरक्षा चाक-चौबंद राष्ट्रपति का सोमवार-मंगलवार का दो दिवसीय कुमाऊं दौरा निर्धारित है। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन ने वीवीआईपी रूट पर विशेष सफाई अभियान चलाया, सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाया गया तथा हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग सहित पूरे शहर में पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है। हर चौराहे पर सुरक्षा बल मुस्तैद है।
राष्ट्रपति के दौरे से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और स्थानीय लोग ऐतिहासिक राजभवन के गौरवशाली पल का साक्षी बनने को उत्साहित हैं।
