Wed. Mar 11th, 2026

नशे के आदी पति ने पत्नी का गला धारदार हथियार से काटा

झूलाघाट क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना में नशे के आदी पति ने अपनी पत्नी का गला धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद भी वह मृतका के शव पर लगातार प्रहार करता रहा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी चरस का सेवन करता था और पत्नी के साथ बार-बार मारपीट करता था, जिसके कारण वह पहले अपने मायके चली गई थी। इस घटना से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

झूलाघाट कस्बे के निकटवर्ती कानड़ी गांव में यह भयावह वारदात बीती रात करीब नौ बजे हुई। गांव के 37 वर्षीय गंभीर चंद उर्फ गणेश चंद ने किसी विवाद के बाद अपनी 25 वर्षीय पत्नी कमला चंद का गला बड्याट (धारदार हथियार) से काट दिया। हत्या के बाद वह अपने दो वर्षीय पुत्र किट्टू चंद को लेकर पड़ोसी ललित चंद के घर पहुंचा। खून से लथपथ गंभीर चंद को देखकर ललित चंद घबरा गए और अनहोनी की आशंका पर उसके साथ घर गए, जहां गंभीर चंद फिर से मृतका के शव पर धारदार हथियार से हमला करने लगा। इस बीच गांव के कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।

थानाध्यक्ष दिनेश चंद्र बिष्ट ने तुरंत हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया। मुख्यालय से पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संग्रहित किए। जानकारी के अनुसार, गणेश चंद झूलाघाट गैस एजेंसी में कार्यरत था। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि वह चरस का आदी था। उसका विवाह नेपाल के बैतड़ी जिले के जरगौ गांव निवासी प्रमोद चंद की पुत्री से हुआ था।

मृतका के चाचा भानी चंद ने बताया कि गंभीर चंद उनकी भतीजी के साथ अक्सर मारपीट करता था। परेशान होकर कमला अपने मायके नेपाल चली गई थी और पांच माह तक वहीं रही। कमला ने अपने पिता को बताया था कि गणेश चरस का सेवन करता था, जिससे उसका दिमाग ठीक से काम नहीं करता था और वह बेहद हिंसक हो जाता था। ससुराल पक्ष ने कमला के पिता को मनाकर उसे वापस ससुराल भेजने के लिए राजी किया। मायके पक्ष के लोग नेपाल से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं, और उनके पहुंचने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम किया जाएगा।

इस जघन्य घटना से झूलाघाट के लोग स्तब्ध हैं और क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

By The Common Man

News and public affairs

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *