Mon. Mar 9th, 2026

जंगल में चारा लेने गई महिला पर हाथी ने किया हमला, शोर मचाते ही भागा वन्यजीव

टनकपुर के बिचई गांव में चारा पत्ती और लकड़ी लेने गई एक महिला पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, लेकिन साथ में मौजूद महिलाओं के शोर-गुल करने पर हाथी वहां से भाग गया और उसकी जान बच गई।

घटना रविवार सुबह की है। बिचई गांव निवासी गौरी देवी (50) पत्नी लाल राम अपनी साथी महिलाओं– गंगा देवी, धना देवी और पार्वती देवी के साथ शारदा रेंज के उत्तरी गुलियापानी वन क्षेत्र में चारा व लकड़ी बीनने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों के पास मौजूद एक हाथी ने अचानक गौरी देवी पर हमला बोल दिया। महिला को पांव और पसली में गुम चोटें आईं।

शोर सुनकर वहां मौजूद वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को उपजिला अस्पताल टनकपुर पहुंचाया गया। चिकित्सक डॉ. ज्ञानेश यादव के अनुसार, उपचार के बाद महिला की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और कोई फ्रैक्चर नहीं पाया गया।

शारदा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी सुनील शर्मा ने बताया कि घटना स्थल के पास वन विभाग की ओर से प्लांटेशन का कार्य चल रहा था, जहाँ वन कर्मी भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि यह भी जांच की जाएगी कि महिला पर सीधे हाथी ने हमला किया या दहशत में भागते समय चोट लगी। फिलहाल वन विभाग महिला का इलाज करवा रहा है।

यह घटना पुनः दर्शाती है कि क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष तेजी से बढ़ रहा है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

By The Common Man

News and public affairs

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *