Thu. Mar 26th, 2026

मुर्गी फार्म में आग से भारी नुकसान, 2 हजार मुर्गियों की मौत

तहसील थल क्षेत्र के तड़ीगांव में एक मुर्गी फार्म में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर दो हजार से अधिक मुर्गियां जिंदा जलकर मर गईं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

तड़ीगांव निवासी दिनेश चंद ने स्वरोजगार के उद्देश्य से बैंक से ऋण लेकर मुर्गी फार्म की स्थापना की थी। शुक्रवार सुबह वह मुर्गियों को बेचने के लिए मुवानी गए हुए थे। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े दस बजे फार्म की दूसरी मंजिल में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि दूसरी मंजिल पर बना टिन और प्लाई का फर्श पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। फार्म में मौजूद करीब दो हजार मुर्गियां जलकर मर गईं। इसके अलावा बिजली की वायरिंग और मुर्गियों के लिए रखा गया लगभग 15 कट्टा चारा भी आग में जलकर राख हो गया।

आसपास के ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग फैलने से रोकी जा सकी। सूचना मिलने पर तहसील थल के तहसीलदार डीसी मिश्रा, राजस्व उपनिरीक्षक विपिन कापड़ी, दीपक पंचोली और भूपेंद्र पंत मौके पर पहुंचे। राजस्व टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है।

By The Common Man

News and public affairs

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *